लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
यज्ञ, गुरु पूजन, पौध वितरण और महाप्रसादी का आयोजन
चौमहला (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के चौमहला और गंगधार कस्बों में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा यज्ञ, गुरु पूजन, पौध वितरण, कन्या भोज और महाप्रसादी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चौमहला स्थित गायत्री शक्तिपीठ में मुख्य ट्रस्टी गोविंदराम अग्रवाल के मार्गदर्शन में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ। 11 पारियों में एक हजार से अधिक यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। श्रद्धालुओं ने युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का पूजन-वंदन कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा आदर्श और साधनामय जीवन जीने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शांतिकुंज के ‘वृक्ष गंगा अभियान’ के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 500 से अधिक पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में चौमहला क्षेत्र के अलावा राजस्थान और मध्यप्रदेश की लगभग 50 गायत्री परिवार शाखाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
वहीं गंगधार में अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय रामद्वारा एवं भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। स्थानीय महंत श्री 108 गोविंदराम जी महाराज के सानिध्य में गुरु पूजन, महाप्रसादी और कन्या भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान तहसील प्रभारी संतोष परमार ने नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। आयोजन में अनेक भामाशाह, योग साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार करते हुए गुरु परंपरा, भारतीय संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी संदेश दिया।