Home latest मालगाड़ियों की रफ्तार में उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में अव्वल

मालगाड़ियों की रफ्तार में उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में अव्वल

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर मंडल दूसरे और अजमेर तीसरे स्थान पर

राजस्थान से वरिष्ठ संवाददाता : नितिन मेहरा

राजस्थान के रेल नेटवर्क ने माल परिवहन के क्षेत्र में देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने मालगाड़ियों की औसत गति के मामले में भारतीय रेलवे के सभी जोन को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। बुधवार को दर्ज आंकड़ों के अनुसार, उत्तर पश्चिम रेलवे में मालगाड़ियों की औसत गति 25.09 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

जोधपुर और अजमेर मंडल ने भी रचा कीर्तिमान

इस उपलब्धि में जोधपुर और अजमेर मंडल की अहम भूमिका रही। देशभर के रेल मंडलों की रैंकिंग में मदुरै मंडल के बाद जोधपुर मंडल ने 34.40 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, 33.77 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ अजमेर मंडल तीसरे स्थान पर रहा। इस तरह देश के टॉप-3 रेल मंडलों में उत्तर पश्चिम रेलवे के दो मंडलों ने जगह बनाकर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

बेहतर प्रबंधन और विभागीय तालमेल से मिली सफलता

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस उपलब्धि के पीछे बेहतर परिचालन प्रबंधन, सटीक योजना और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय की अहम भूमिका रही है। ट्रेनों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखने, परिचालन में लगने वाले समय को कम करने और उपलब्ध रेल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने से मालगाड़ियों की गति में सुधार संभव हुआ है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल और संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

तेज माल परिवहन से व्यापार और उद्योगों को मिलेगा फायदा

मालगाड़ियों की रफ्तार बढ़ने से व्यापारियों, उद्योगों और उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। माल की समय पर आपूर्ति से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और परिवहन लागत व समय में कमी लाने में मदद मिलेगी। वहीं, मालगाड़ियों के जल्दी गंतव्य तक पहुंचने से रेलवे ट्रैक की उपलब्धता भी बेहतर होगी, जिससे यात्री और मालगाड़ियों के परिचालन को अधिक सुचारु बनाया जा सकेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version