लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
600 विद्यार्थियों को किया गया निशुल्क स्वेटर वितरण
मेड़ता सिटी (नागौर)।
बूटाटी गांव में शिक्षा और समाजसेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला, जहां ठंड के मौसम में विद्यार्थियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के करीब 600 विद्यार्थियों को निशुल्क स्वेटर वितरित किए गए। यह कार्यक्रम गांव के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायी रहा।
निशुल्क स्वेटर वितरण का यह पुनीत कार्य सुखदेवजी महाराज, महंत अस्थल बिदियाद, कमलेश मिर्धा (रेलवे कॉन्ट्रेक्टर), देवेंद्र सिंह (अध्यक्ष, चतुरदास जी सेवा समिति बूटाटी) एवं प्रदीप डूकिया (कुचेरा) के सौजन्य से संपन्न हुआ। सभी भामाशाहों के सहयोग से विद्यार्थियों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ पौ धाम के महंत रामनिवासजी महाराज के कर कमलों से हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अमराराम चोयल, रामदेव मेघवाल, उगमाराम बिदियाद, हनुमान पुनिया सहित बूटाटी गांव के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य नम्रता एवं महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्रिंसिपल नटवरलाल पाराशर ने सभी साधु-संतों एवं भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ता है और समाज में सहयोग व सेवा की भावना मजबूत होती है।
ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरक कदम बताया।
