लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
इलाज के दौरान दोनों की मौत
झालावाड़।
मध्यप्रदेश के माचलपुर थाना क्षेत्र से भागा एक नाबालिग प्रेमी युगल झालावाड़ जिले में अचेत अवस्था में मिला। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को युवक और युवती ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, माचलपुर थाना क्षेत्र के गौघटपुर इलाके से मंगलवार को घर छोड़कर निकला नाबालिग प्रेमी युगल झालावाड़ जिले के भालता थाना क्षेत्र के खेरदंता मार्ग पर सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर भालता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस के जरिए झालावाड़ जिला अस्पताल भिजवाया गया।
भालता थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान युवक और युवती दोनों की मौत हो गई। मृतक युवक 12वीं कक्षा का छात्र था, जबकि युवती पढ़ाई छोड़ चुकी थी। दोनों की उम्र क्रमशः 17 और 15 वर्ष बताई जा रही है। स्कूल रिकॉर्ड प्राप्त होने के बाद ही उनकी सही उम्र की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। दोनों शवों को झालावाड़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और इसी के चलते वे मंगलवार को घर से भागे थे। पुलिस ने परिजनों के पर्चा बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
