लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रतियोगी छात्रों को मिलेगा अध्ययन का बेहतर माहौल
लोसल (सीकर) | ओम प्रकाश सैनी
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्राम सेवा सहकारी समिति, भीमा में नई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। सहकारिता विभाग के प्रयासों से शुरू की गई इस लाइब्रेरी का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को शांत एवं सुविधाजनक अध्ययन स्थल उपलब्ध कराना है।
लाइब्रेरी का उद्घाटन समिति के अध्यक्ष रामचन्द्र शेषमा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों की भूमिका केवल ऋण वितरण और सहकारिता तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा और सामाजिक विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समिति का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर अपने भविष्य को संवार सकें।
इस अवसर पर सीकर केंद्रीय सहकारी बैंक, लोसल शाखा के प्रबंधक सुभाष सैफर, सरपंच दिलसुख राय चौधरी, समिति के पदाधिकारी तथा क्षेत्र के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई लाइब्रेरी से ग्रामीण अंचल के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का वातावरण मिलेगा और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी सहायता मिलेगी।