लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
NEET मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन:
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट सर्किल पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान “पेपर लीक नहीं सहेंगे”, “युवाओं पर अत्याचार बंद करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” और “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।
खाचरियावास ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रताप सिंह खाचरियावास ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद के बाद जब छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, तब उनके साथ पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों, युवाओं और महिलाओं पर पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। खाचरियावास ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार को छात्रों से संवाद करना चाहिए। 
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
खाचरियावास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई की जांच कराने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष करेगी।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक निकाला मार्च
कलेक्ट्रेट सर्किल पर प्रदर्शन और पुतला दहन के बाद प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वहां से राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के लिए रवाना हुए।