लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर (राजेन्द्र शर्मा जती)। संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। समारोह में स्वीप (SVEEP) गतिविधियों में सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिक, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), नव मतदाता और भावी मतदाताओं का सम्मान किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) कमर चौधरी, सीईओ जिला परिषद और स्वीप के नोडल अधिकारी मृदुलसिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने कहा कि लोकतंत्र में एक मत का भी महत्व होता है। मतदाता जागरूक होगा तो लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि मतदान प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से भाग ले। इस वर्ष की राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा वोट, मेरा भारत” है। इससे प्रेरणा लेकर नव मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़कर मतदान के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में 2 करोड़ से अधिक 80 प्लस आयु के मतदाता हैं, और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी है।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि हमारे देश की चुनाव प्रणाली विश्वभर में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मानी जाती है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस तभी सार्थक होगा जब सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकृत होकर सक्रिय रूप से मतदान प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि देश के नीति निर्माता वही हैं जिन्हें हम चुनकर भेजते हैं। हजारों कार्मिक और जागरूक मतदाता चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने सम्मानित होने वाले बीएलओ और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को टीम भावना से काम करने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों और शिक्षण संस्थाओं के एम्बेसेडरों को मतदाता जागरूकता की अहम कड़ी बताया गया। चुनाव आयोग के मोबाइल एप का प्रचार-प्रसार कर युवाओं और नवमतदाताओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिले के स्वीप एम्बेसेडर, अच्छे कार्य करने वाले बीएलओ, शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्वीप में भागीदार संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। ब्रांड एम्बेसेडर को भी चुनाव प्रक्रिया में अहम भागीदारी के लिए सम्मानित किया गया।
स्वीप के नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद ने कहा कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। उन्होंने चुनाव आयोग मोबाइल एप की जानकारी देकर इसके अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। समारोह में अग्रसेन कॉलेज की छात्राएं कु. कृष्णा गुर्जर, कु. अनुष्का शर्मा, आरडी गर्ल्स कॉलेज की कु. इतिका गर्ग और कु. कल्पना सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में तहसीलदार ताराचंद सैनी, चुनाव शाखा के हेमंत शर्मा, विभिन्न संस्थाओं और विभागों के प्रतिनिधि, स्काउट और एनसीसी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का संचालन स्वीप के सहायक नोडल ओमप्रकाश खुंटेला ने किया।