लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सेवा कार्यों, वित्तीय समीक्षा और भावी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
भारत विकास परिषद, शाखा स्वामी विवेकानंद, भीलवाड़ा की आठवीं कार्यकारिणी बैठक परिषद भवन में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के साथ शुरू हुई। बैठक में पिछली कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में परिषद के प्रमुख कार्यक्रम “गुरु वंदन छात्र अभिनंदन” पर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि जुलाई–अगस्त माह में अब तक 13 विद्यालयों में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। सदस्यों की सहमति से यह तय किया गया कि दो और विद्यालयों में आयोजन कर वर्तमान सत्र के लिए कार्यक्रम को विराम दिया जाएगा।
कोषाध्यक्ष आदित्य मानसिंहका ने 1 अप्रैल 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक की आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में दिसंबर माह में कोटा में होने वाले रीजनल सम्मेलन में शाखा की भागीदारी पर भी विचार-विमर्श किया गया।
परिषद की प्रस्तावित भूमि आवंटन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए संजय जी राठी ने बताया कि भूमि मिलने में अभी समय लग सकता है। इस पर सदस्यों ने परिषद भवन की मरम्मत और हॉल निर्माण कार्य शुरू करने के लिए रतन दरगड़ को आमंत्रित कर सलाह लेने का निर्णय लिया।
प्रांत द्वारा निर्देशित “सांस्कृतिक सप्ताह” की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई। महिला प्रमुख अन्नू हिम्मतरामका ने जल्द ही रूपरेखा तैयार कर कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया।
समाजोपयोगी विषय “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” कार्यक्रम पर भी सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में 9 नवंबर को कनक वृंदावन में आयोजित दीपावली सम्मेलन की समीक्षा की गई तथा कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ और शाखा सचिव के.जी. सोनी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
