लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर) – ओम प्रकाश सैनी।
सीकर। लोसल कस्बे में भारत विकास परिषद ने विवेकानंद चौक पर स्वामी विवेकानंद जयंती का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ हुई। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें पुष्प अर्पित किए गए।
समारोह में भारत विकास परिषद के जिला सह समन्वयक डॉ. आर.एस. जाजू ने स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार, समाज और देश को नशामुक्त बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। परिषद द्वारा युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद मिश्रा ने की। इस अवसर पर परिषद के संरक्षक वैद्य नेमीचंद शर्मा, वित्त सचिव सूरजमल जाटोलिया, शाखा सचिव महेश बागड़ी, पूर्व पालिका अध्यक्ष गोविंद राम बिजारणियां, प्रतिपक्ष नेता बी.आर. हरिपुरा, सेवानिवृत्त एसडीएम दीनदयाल बाकोलिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष जोधराज रेगर, पूर्व अध्यक्ष बंशीधर शर्मा, पूर्व पार्षद राजकुमार शर्मा, मनोज सैनी, पार्षद जुगल कुमावत, हीरालाल सैनी, राजेंद्र शेषमा, आत्माराम सोनी, श्रवण टाक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रवण सिंह भीराना ने किया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।