लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद–भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। रूपाखेड़ा कट के पास तेज रफ्तार इको कार डिवाइडर पर लगे बैरिकेड से टकराकर कई बार पलट गई। हादसे में कार चालक सहित चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए आरके चिकित्सालय पहुंचाया गया।
कुंवारिया थाना के पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र कुमावत ने बताया कि सुबह करीब पौने छह बजे गुजरात पासिंग इको कार भीलवाड़ा की ओर जा रही थी। रूपाखेड़ा कट पर वाहन अनियंत्रित होकर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए लगे बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार लगभग 5 बार पलटते हुए 50 से 60 मीटर दूर जा गिरी।
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एएसआई कमलेन्द्र सिंह झाला, एएसआई शंकर सिंह, कांस्टेबल नेता राम सहित पुलिस जाप्ता और टोल प्लाजा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चालक सहित चार सवार—एक महिला और दो पुरुष—को बाहर निकाला गया और रूपाखेड़ा टोल एम्बुलेंस से आरके अस्पताल भेजा गया।
हादसे में इको कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सौभाग्य रहा कि उस समय सड़क पर अन्य वाहन नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने टोल प्लाजा की क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर थाना परिसर में सुरक्षित रखा। मामले की जांच पुलिस द्वारा जारी है।