लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर | संवाददाता — (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यालय में मीडिया बाइट के दौरान कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए मोरपाल सुमन को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। राठौड़ ने कहा कि मोरपाल सुमन की बेदाग छवि, सेवाभाव और संगठनात्मक क्षमताओं के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने अंता विधानसभा क्षेत्र में गहन सर्वेक्षण, संगठनात्मक विचार-विमर्श और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं से परामर्श के उपरांत सुमन को प्रत्याशी बनाया है। विभिन्न सर्वेक्षणों में वे क्षेत्र के सर्वाधिक लोकप्रिय और स्वीकार्य चेहरा पाए गए।
राठौड़ ने कहा, “मोरपाल सुमन जैसे जमीनी कार्यकर्ता के माध्यम से पार्टी अंता की जनता को एक मजबूत, सजग और सेवाभावी नेतृत्व देना चाहती है। वे एक सामान्य परिवार से आते हैं और जनसेवा की भावना से समाज के बीच लगातार कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन और विकास की नीति को बल मिल रहा है। इसी दिशा में राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में कई जनहितैषी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। भाजपा अंता विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अंता विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे मोरपाल सुमन को पूर्ण समर्थन देकर ऐतिहासिक जीत दिलाएं। साथ ही उन्होंने दीपोत्सव के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को धनतेरस, रूप चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।