Home latest “बीमारियों को हराना है – राजसमंद को स्वस्थ बनाना है”

“बीमारियों को हराना है – राजसमंद को स्वस्थ बनाना है”

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

ड्राई डे से मच्छर जनित बीमारियों पर कसा शिकंजा, जिलेभर में हुई गतिविधियां

गौतम शर्मा
राजसमंद। जिले में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और जन-जागरूकता को लेकर “ड्राई डे” पूरे उत्साह और समर्पण के साथ मनाया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत बिंदल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

डॉ बिंदल ने बताया कि सुबह 7:30 से 9:00 बजे तक सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर एंटीलार्वा व एंटी एडल्ट गतिविधियां संचालित की गईं। इन गतिविधियों में टेमीफोस का छिड़काव, सोर्स रिडक्शन, लार्वा का निरीक्षण और तत्काल उपचार जैसी क्रियाएं शामिल रहीं। कार्यकर्ताओं ने हर घर में संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच कर लोगों को उनके सफाए के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की निगरानी ब्लॉक स्तर पर बीसीएमओ एवं बीपीएम द्वारा, जबकि सीएचसी एवं पीएचसी स्तर पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर्स द्वारा की गई।
सीएमएचओ डॉ. हेमंत बिंदल ने बताया कि “ड्राई डे” जैसे नियमित अभियानों से हम जिले को मलेरिया, डेंगू और अन्य मच्छर जनित रोगों से मुक्त बनाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और समय पर की गई रोकथाम ही इन बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

ड्राई डे के दौरान कार्यकर्ताओं ने लार्वा की पहचान करते हुए उपचार करते हुए फोटोग्राफ्स साझा किए। दीवारों पर गेरू से स्लोगन लिखकर तथा लार्वा के प्रत्यक्ष प्रदर्शन द्वारा आमजन को सजग किया गया। सभी कार्यकर्ताओं को टेमीफोस सिरिंज एवं सर्वे फॉर्मेट से सुसज्जित रखा गया था जिससे कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में जागरूकता एवं रोकथाम की यह अनवरत मुहिम आगे भी प्रत्येक शनिवार को जारी रहेगी, ताकि “बीमारियों को हराना है – राजसमंद को स्वस्थ बनाना है” का संकल्प साकार हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version