लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छह माह का कमीशन एकमुश्त भुगतान करने की मांग, 30 हजार रुपए मासिक मानदेय समेत दुकान का किराया और सहायक कर्मचारी का खर्च उठाने की मांग
चौमहला, झालावाड़।
झालावाड़ जिले के राशन डीलरों ने लंबित कमीशन के भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिले के राशन डीलरों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान और अन्य मांगों के जल्द समाधान की मांग की।
राशन डीलरों ने कहा कि वे सरकार की विभिन्न खाद्य वितरण योजनाओं को जमीनी स्तर पर पूरी जिम्मेदारी के साथ संचालित कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कमीशन का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है। लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण राशन डीलरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छह माह का बकाया कमीशन एकमुश्त देने की मांग
ज्ञापन में राशन डीलरों ने छह माह सहित समस्त बकाया कमीशन का तत्काल एकमुश्त भुगतान करने की मांग की। इसके साथ ही डीलरों ने हर महीने 30 हजार रुपए की राशि निर्धारित करने की मांग रखी है।
डीलरों का कहना है कि राशन दुकान संचालन में होने वाले विभिन्न खर्चों के कारण वर्तमान व्यवस्था में दुकान चलाना आर्थिक रूप से मुश्किल हो रहा है।
दुकान का किराया और सहायक कर्मचारी का खर्च सरकार उठाए
राशन डीलरों ने मांग की कि राशन दुकानों का किराया सरकार द्वारा वहन किया जाए। इसके अलावा दुकान संचालन के लिए आवश्यक सहायक कर्मचारी की नियुक्ति अथवा उसके खर्च का भुगतान भी सरकार की ओर से किया जाए।
डीलरों का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारू बनाए रखने के लिए राशन डीलरों को पर्याप्त आर्थिक सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है।
मांगें नहीं मानी तो फॉलोअप शिविरों का बहिष्कार
राशन डीलरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। डीलरों के अनुसार पहले चरण में सरकार के फॉलोअप शिविरों का बहिष्कार किया जाएगा।
इसके बाद धरना-प्रदर्शन और मांगें नहीं माने जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया जा सकता है।
राशन डीलरों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर लंबित कमीशन का भुगतान जल्द करने और अन्य समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।