लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बदहाल कुरेडा-झिराना मार्ग बना चिंता का कारण
गहरा गड्ढा, कीचड़ और बबूल की झाड़ियां बढ़ा रहीं हादसे की आशंका, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
पीपलू। बाबा रामदेव और डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन के लिए हर साल हजारों श्रद्धालु पदयात्रा पर निकलते हैं, लेकिन इस बार पदयात्रा शुरू होने से पहले ही कुरेडा-झिराना मार्ग की बदहाल स्थिति चिंता का विषय बन गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन को चेताया है और तत्काल मरम्मत की मांग की है।
ग्रामीण नरेश कुरेडा ने बताया कि कुरेडा-झिराना मार्ग पर एक स्थान पर गहरा गड्ढा हो गया है, जिससे विशेष रूप से रात के समय और पदयात्रियों की भीड़ के दौरान दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा सड़क पर फैला कीचड़ और दोनों ओर उगी बबूल की झाड़ियां भी यात्रियों की राह में बड़ी बाधा बन रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष इसी मार्ग से सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए बाबा रामदेव और डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन के लिए निकलते हैं। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पदयात्रा शुरू होने से पहले गहरे गड्ढे को भरकर सड़क को समतल किया जाए। साथ ही मार्ग पर फैले कीचड़ की सफाई कर दोनों ओर उगी बबूल की झाड़ियों को हटाया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
ग्रामीणों का कहना है कि आस्था के इस महत्वपूर्ण मार्ग को सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से संभावित हादसों को रोका जा सकता है और हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित हो सकेगी.