लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अमित गोयल के जन्मदिन पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब
51 किलो की माला, ढोल-नगाड़े और पुष्पवर्षा के बीच भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष का अभिनंदन; बोले- कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल का जन्मदिन मंगलवार को संगठन, सेवा और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच धूमधाम से मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर जयपुर शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता भाजपा जयपुर शहर कार्यालय पहुंचे और अमित गोयल को शुभकामनाएं दीं।
मंदिर दर्शन से हुई दिन की शुरुआत
अमित गोयल ने जन्मदिन की शुरुआत गोविंददेवजी मंदिर और मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन कर की। उन्होंने भगवान से संगठन और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद उन्होंने जन्मदिन को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए एसएमएस अस्पताल में जरूरतमंद और गरीब लोगों को भोजन कराया। वहीं, खाटूश्यामजी की पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बारिश के बावजूद भाजपा कार्यालय में उमड़ा जनसैलाब
दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक भाजपा जयपुर शहर कार्यालय में कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भारी बारिश भी कार्यकर्ताओं के उत्साह को नहीं रोक सकी।
विभिन्न मंडलों और विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता समूहों में कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छों और मिठाई से अमित गोयल का अभिनंदन किया।
इस दौरान 51 किलो की विशाल माला, ढोल-नगाड़े, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहे। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने अमित गोयल को कंधों पर उठाया और देशभक्ति के तरानों पर जमकर उत्साह व्यक्त किया।
‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोषों से भाजपा कार्यालय का वातावरण गूंज उठा।
सोशल मीडिया पर भी छाया जन्मदिन
अमित गोयल के जन्मदिन पर राजस्थान सहित देशभर के भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने भी अलग-अलग अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
‘कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि’
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित गोयल ने कहा, “कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि हैं। कार्यकर्ता के हर सुख-दुख में मैं उनका हिस्सेदार और सहभागी बनूंगा। उनके सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि संगठन की सेवा उनके लिए सर्वोपरि धर्म है और इस जन्मदिन को उन्होंने अपने सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित किया है।
गोयल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और विश्वास के बल पर संगठन को लगातार मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।