लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यार्थियों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
एमआरएस विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया देशभक्ति का संदेश, एनएसएस-एनसीसी कैडेट्स भी हुए शामिल
किशनगढ़ रेनवाल। (नवीन कुमावत)
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत विशाल तिरंगा रैली मंगलवार को किशनगढ़ रेनवाल कस्बे में निकाली गई। मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी उच्च माध्यमिक विद्यालय (एमआरएस) के विद्यार्थियों और शिक्षकों की ओर से आयोजित रैली में हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने पूरे कस्बे को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
देशभक्ति के नारों से गूंजा कस्बा
रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, भारत तेरा नाम रहेगा’ जैसे जोशीले नारे लगाए।
विद्यार्थियों के नारों से कस्बे का माहौल पूरी तरह देशभक्तिमय हो गया। रैली के दौरान वीर शहीदों को याद करते हुए विद्यार्थियों ने देश के प्रति सम्मान और समर्पण का संदेश दिया।
एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा रैली में विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने निर्धारित वर्दी में भाग लिया। अनुशासन के साथ कदमताल करते कैडेट्स और हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने रैली को आकर्षक बना दिया।
रैली विद्यालय परिसर से रवाना होकर माहेश्वरी भवन, किसान मंदिर, कबूतर चौक और बड़ा मंदिर होते हुए बाग का चौराहा पहुंची। इसके बाद दांतारामगढ़ रोड स्थित विद्यालय भवन में रैली का समापन हुआ।
शिक्षक भी रहे मौजूद
तिरंगा रैली में प्रधानाचार्य मनीष कुमार, उप प्राचार्य प्रकाशचन्द्र शर्मा, वरिष्ठ व्याख्याता पिंकू कुमावत, शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार शर्मा, शंकर सिंह मीणा, अर्चना कुमावत, मंगलचंद यादव, कविता बनारवाल, अंशिका अत्रे, नेहपाल मीणा, पंकज कुमार देवत, दिनेश कुमार कुमावत, सुम्मी पारीक और धन्नाराम कुमावत सहित विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे।
रैली ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने के साथ कस्बेवासियों को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।