लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी, बालोतरा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व, सशक्त प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनकल्याणकारी नीतियों का सकारात्मक प्रभाव अब ज़मीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। बालोतरा जिले में संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना इसकी एक सशक्त मिसाल बनकर उभरी है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक नितिन गहलोत ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के अंतर्गत बालोतरा, बायतु, गिड़ा, कल्याणपुर-पाटोड़ी, सिणधरी एवं सिवाना क्षेत्रों में कुल 8,343 लाभार्थियों को लक्षित किया गया है।
जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की स्पष्ट मंशा, नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व के चलते अब तक 6,416 लाभार्थियों का सफलतापूर्वक पंजीकरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 76.90 प्रतिशत है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।
बालोतरा ब्लॉक सबसे आगे
उप निदेशक ने बताया कि योजना में सर्वाधिक प्रगति बालोतरा ब्लॉक में दर्ज की गई है, जहां 1,446 लक्ष्य के मुकाबले 1,256 पंजीकरण पूर्ण कर 86.86 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई।
अन्य ब्लॉकों की स्थिति इस प्रकार रही—
-
सिवाना : 78.97 प्रतिशत
-
कल्याणपुर-पाटोड़ी : 78.42 प्रतिशत
-
सिणधरी : 73.90 प्रतिशत
-
गिड़ा : 72.56 प्रतिशत
यह सफलता जिला प्रशासन को दिए गए स्पष्ट निर्देशों, पारदर्शी कार्यप्रणाली और समयबद्ध निर्णयों का परिणाम है।
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की सोच साकार
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की यह सोच कि “सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए” प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में साकार होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री ने सदैव यह सुनिश्चित किया है कि विकास केवल कागज़ों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में बालोतरा जिले की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए एक प्रेरणादायी मॉडल बनकर उभर रही है। प्रशासनिक प्रतिबद्धता, जनता का विश्वास और मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व का यह समन्वय प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
आने वाले समय में योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण होने की पूरी संभावना है, जो राज्य सरकार की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ देगा।