लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | (नितिन मेहरा, विशेष संवाददाता) राजस्थान के अजमेर जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दरगाह क्षेत्र में दबिश देकर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया, जो जांच में अवैध बांग्लादेशी प्रवासी निकला।
गिरफ्तारी का आंकड़ा पहुंचा 56
इस ताजा कार्रवाई के बाद अजमेर पुलिस द्वारा अब तक पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है। लगातार चल रहे इस सघन अभियान से अवैध रूप से रह रहे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
दरगाह क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी
कार्रवाई संवेदनशील अजमेर शरीफ दरगाह क्षेत्र में की गई, जहां सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही विशेष निगरानी रखे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पकड़े गए आरोपी से STF और स्थानीय पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि वह सीमा पार कर भारत कैसे पहुंचा और अजमेर में उसे किसने शरण दी। इसके साथ ही पुलिस उन नेटवर्क की भी तलाश कर रही है जो फर्जी दस्तावेज बनवाने और अवैध रूप से ठहराने में मदद करते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर की सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
