लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा शहर पुलिस की त्वरित व प्रभावी कार्रवाई
रिपोर्टर – मनीष पारीक
नावा सिटी। अनुसूचित जाति के एक युवक के अपहरण और मारपीट मामले में नावा शहर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस प्रकरण में छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। यह घटना 23 फरवरी 2024 को दर्ज हुई थी।
पीड़ित संदीप गोठवाल ने नावा शहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर पहले भाटीपुरा, उसके बाद सांभर खारड़े ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की।
पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया (RPS) और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी (RPS) की निगरानी में प्रकरण की गहन जांच की गई। अनुसंधान में अपराध प्रमाणित होने पर पुलिस ने अरुण कुमार, गणेशराम, ब्रिजेश कुमार, मुकेश यादव, खेताराम और सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भंवरलाल, रामकल्याण, नरेश कुमार तथा कांस्टेबल महेंद्र कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
