लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद के रीको एरिया और आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रीको स्थित कई फैक्ट्रियों में पिछले दिनों चोरों द्वारा सेंधमारी के मामले सामने आए हैं। कई संदिग्ध लोगों की तस्वीरें स्पष्ट रूप से सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाउसिंग बोर्ड, गणेश नगर, गोवर्धन बिहार, द्वारका नगर सहित आस-पास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। बीती रात भी रीको की एक फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में लगभग आधा दर्जन चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फैक्ट्री मालिक ने इसकी लिखित शिकायत कांकरोली थाना पुलिस में दर्ज करवाई है।
इसके अलावा, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दो दिन पूर्व एक सुने मकान से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात व नकदी चोरी होने की घटना से लोग दहशत और आक्रोश में हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस गश्त और कार्रवाई में तेजी लाई जाए, अन्यथा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा अपराध बड़ा रूप ले सकता है।