लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
विकास, जल प्रबंधन और जनकल्याण पर हुई सार्थक चर्चा
अजमेर। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक मामलात मंत्री जमा खान ने उर्स के पावन अवसर पर अजमेर दरगाह शरीफ की ज़ियारत के लिए अजमेर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत से शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान दोनों मंत्रियों के बीच विकास से जुड़े अहम विषयों पर सकारात्मक एवं सारगर्भित चर्चा हुई। बैठक में विशेष रूप से जल संसाधन प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई परियोजनाएं, ग्रामीण विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार, अल्पसंख्यक कल्याण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया गया।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने राजस्थान सरकार द्वारा जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, नहरों के आधुनिकीकरण तथा किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सतत विकास के लिए प्रभावी जल प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में केंद्र व राज्य सरकारें मिलकर ठोस कार्य कर रही हैं।
वहीं बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने राजस्थान में विकास के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान विकास की गति को और तेज करता है। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं को समग्र विकास का अहम आधार बताया।
दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि सामाजिक सौहार्द के साथ-साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच सके।
भेंट के अंत में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने मंत्री जमा खान को अजमेर प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं और उर्स के अवसर पर शांति, सद्भाव एवं समृद्धि की कामना की।
