लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आधुनिक विद्युतीकरण से सुरक्षित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी – देवनानी
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पृथ्वीराज नगर योजना में विद्युत आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी सौगात दी है। उन्होंने सेक्टर सी, डी एवं ई ब्लॉक में 628.34 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विद्युतीकरण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया।
इस महत्त्वपूर्ण परियोजना से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी, जिससे पृथ्वीराज नगर के समग्र और संतुलित विकास को नई गति मिलेगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार शहरी विस्तार क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मजबूत विद्युत अवसंरचना से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापार, उद्योग एवं सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित हो रहे क्षेत्रों में आधुनिक और सुरक्षित बिजली व्यवस्था भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्यंत आवश्यक है।
देवनानी ने बताया कि पृथ्वीराज नगर योजना के सेक्टर सी, डी एवं ई ब्लॉक में शेष विद्युतीकरण कार्यों को पूर्ण करने के उद्देश्य से लगभग 1000 वर्ग मीटर भूमि पर 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण किया गया है। इस परियोजना के लिए 628 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी।
उन्होंने बताया कि इस व्यापक विद्युतीकरण कार्य के अंतर्गत 33/11 केवी जीएसएस, पावर ट्रांसफॉर्मर, 11 केवी अंडरग्राउंड केबल, 33 केवी केबल, विद्युत पोल, एलईडी स्ट्रीट लाइट तथा रैबिट कंडक्टर जैसे आधुनिक विद्युत संसाधनों की स्थापना की गई है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।