लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा आपकी पूंजी, आपका अधिकार कैंप का आयोजन सोमवार को नगर निगम भीलवाड़ा स्थित टाउन हॉल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने की।
कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अशोक कोठारी, RBI के अग्रणी जिला अधिकारी मनीष मांडल, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. राजेश भाकर, राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख अजय कुमार दुग्गल, HDFC बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख गौरव नागपाल, ICICI बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मोहित शर्मा तथा नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि वित्त मंत्रालय के निर्देशानुसार दावारहित वित्तीय संपत्तियों के समाधान हेतु यह पहल आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में RBI के अधिकारियों ने दावारहित संपत्तियों, बैंकिंग सुविधाओं और ग्राहक अधिकारों के बारे में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक अशोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि शिविर में जिले के सभी बैंकों द्वारा दावारहित वित्तीय संपत्तियों से संबंधित कुल ₹16 लाख के 12 प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 7 परिवारों और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 2 परिवारों को ₹2-2 लाख के चेक प्रदान किए गए।
इस मौके पर बैंक अधिकारियों, नगर निगम प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
