लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पाली जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बजट वर्ष 2026-27 को प्रदेश के समग्र एवं सतत विकास का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को आगे बढ़ाएगा तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के नेतृत्व में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
वर्ष 2026-27 का कुल बजट आकार 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये है, जो वर्ष 2023-24 की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। बजट अवसंरचना विस्तार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पशुपालन, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और हरित विकास जैसे मजबूत स्तंभों पर आधारित है।
कृषि क्षेत्र के लिए 1.19 लाख करोड़ रुपये, शिक्षा के लिए 69 हजार करोड़ रुपये और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। डेयरी विकास के लिए राजस्थान कॉपरेटिव डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट फंड को बढ़ाकर 2 हजार करोड़ रुपये किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण के तहत रूरल महिला बीपीओ, नारी शक्ति उद्यम योजना में ऋण सीमा वृद्धि और लखपति दीदी योजना का विस्तार किया गया है। वहीं, रोजगार सृजन के तहत अब तक 1 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण के लिए सिग्नल फ्री संभाग मुख्यालय, सौर पार्क, औद्योगिक क्षेत्र विकास और जल परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार बजट घोषणाओं को तेजी से लागू कर रही है और अधिकांश घोषणाओं की क्रियान्विति सुनिश्चित की जा चुकी है। प्रेस वार्ता में जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।














































