लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों ने सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध
मल्हारगंज में पांच दिन से बिजली व्यवस्था ठप, बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी; अधिकारी बोले- जल्द बहाल होगी सप्लाई
गंगधार, झालावाड़। झालावाड़ जिले के गंगधार क्षेत्र के मल्हारगंज गांव में पिछले पांच दिनों से ट्रांसफार्मर जला होने के कारण बिजली व्यवस्था ठप है। बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को चौमहला-रापाखेड़ी सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की।
पांच दिन से बिजली के लिए परेशान ग्रामीण
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में बिजली आपूर्ति बंद है। पांच दिनों से बिजली नहीं होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय मच्छरों की समस्या भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन समय पर समाधान नहीं होने के कारण उन्हें सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचकर विरोध जताना पड़ा।
अधिकारी बोले- अवकाश के कारण नहीं हो पाया ट्रांसफार्मर आवंटन
सहायक अभियंता माधवेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण ट्रांसफार्मर आवंटित नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि सोमवार को ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाया जा रहा है और जल्द ही उसे स्थापित कर बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।
अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई। अब ग्रामीणों को ट्रांसफार्मर लगने और विद्युत आपूर्ति शुरू होने का इंतजार है।
