लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
45 लाख की एमडीएमए और स्मैक बरामद
474 ग्राम एमडीएमए, 22.85 ग्राम स्मैक और 2.613 किलो संदिग्ध पाउडर जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
डग, झालावाड़। डग थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 474 ग्राम एमडीएमए, 22 ग्राम 85 मिलीग्राम स्मैक तथा 2.613 किलोग्राम संदिग्ध पाउडर बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमराव सिंह निवासी डोकरखेड़ी, थाना सुवासरा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों की सप्लाई और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस द्वारा मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
