लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कठूमर विधायक ने किया विकास कार्यों का आश्वासन, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
कठूमर (संजीव बंसल) ।
कठूमर उपखंड क्षेत्र के गांव जहाड़ू में 33 केवी सब स्टेशन का शुभारंभ रमेश खींची (विधायक, कठूमर) द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, भाजपा नेता गोपेश भारद्वाज, सरपंच प्रहलाद, पूर्व सरपंच रतिराम एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विकास कार्यों का मिला आश्वासन
उद्घाटन समारोह में विधायक रमेश खींची ने कहा कि गांव जहाड़ू सहित आसपास के सभी ग्रामीण इलाकों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में गुणवत्ता के साथ सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक महोदय ने इस अवसर पर इंटरलॉकिंग सड़क का भी उद्घाटन किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत और सत्कार किया।
इस 33 केवी सब स्टेशन से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को बेहतर और स्थिर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। यह क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
