लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। राजकीय महाविद्यालय उनियारा में आयोजित 24 दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। समापन सत्र महिला प्रकोष्ठ एवं रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. पानमाल पहाड़िया ने की, जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सहायक कृषि अधिकारी एवं विधायक द्वारा मनोनीत विकास समिति सदस्य सत्यनारायण मीणा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ।
कम्युनिटी पुलिस टोंक की आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम—इंस्पेक्टर अंजना चौधरी, हेड कांस्टेबल हेमराज चौधरी एवं प्रशिक्षक बीना की उपस्थिति में प्रशिक्षणार्थियों ने शिविर के दौरान सीखी गई सुरक्षा एवं बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने आत्मरक्षा सीखने के अनुभव साझा करते हुए शिविर को अत्यंत उपयोगी बताया।
24 दिवसीय शिविर की रिपोर्ट संयोजिका दिव्या कुमारी मीणा ने प्रस्तुत की। प्राचार्य डॉ. पहाड़िया ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राओं में आत्मविश्वास व सुरक्षा कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने महिला सुरक्षा संबंधी इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और महाविद्यालय के विकास से जुड़े कुछ मांग–पत्र भी मुख्य अतिथि के समक्ष रखे।
मुख्य अतिथि सत्यनारायण मीणा ने शिविर की सराहना करते हुए प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत मांगों को विधायक महोदय द्वारा पूरा करवाने का आश्वासन दिया।
अंत में प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मिनाली रमेश ने किया।
इस दौरान इंस्पेक्टर अंजना चौधरी, हेड कांस्टेबल हेमराज, कांस्टेबल बीना, धर्मेन्द्र सिंह चाहर, भानु प्रताप, बुद्धि प्रकाश, प्रांजल सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।