Home crime रास्ता और पानी की पाइपलाइन नहीं मिलने से परिवार परेशान, मुख्यमंत्री से...

रास्ता और पानी की पाइपलाइन नहीं मिलने से परिवार परेशान, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर/सांगानेर। सांगानेर तहसील के ग्राम रामसिंहपुरा (चोपड़ा की ढाणी) निवासी ओमप्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर रास्ता खुलवाने तथा अपने मकान तक पेयजल पाइपलाइन डलवाने की मांग की है। उनका आरोप है कि 11 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस और प्रशासन ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है, जिससे उनका परिवार गंभीर परेशानियों का सामना कर रहा है।

मुख्यमंत्री से लेकर जिला कलेक्टर तक लगाई  गुहार
ओमप्रकाश चौधरी के अनुसार उनकी कृषि भूमि नए खाता संख्या 116 के खसरा नंबर 1890 तथा खाता संख्या 65 के खसरा नंबर 1851 एवं 1889 में स्थित है, जो राजस्व रिकॉर्ड में उनके नाम दर्ज है। उनका कहना है कि खसरा नंबर 1851 में उन्होंने अपने खर्च पर बोरिंग करवाई है, जो वर्तमान में चालू है और जिसका उपयोग कृषि कार्य एवं पेयजल के लिए किया जाता है। वहीं खसरा नंबर 1889 में उनका पक्का मकान बना हुआ है।
चौधरी का आरोप है कि वह बोरिंग से अपने मकान तक पाइपलाइन बिछाकर परिवार और मवेशियों के लिए पानी पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन अन्य खातेदार, जो उनके पारिवारिक सदस्य भी हैं, उन्हें पाइपलाइन डालने से रोक रहे हैं। साथ ही मकान तक पहुंचने के लिए रास्ता भी अवरुद्ध कर रखा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय , जनसुनवाई पोर्टल पर लगाई अर्जी

उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने सांगानेर सदर थाने, राजस्व विभाग, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इतना ही नहीं, उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की और जयपुर कलेक्ट्रेट के बाहर तीन दिन तक धरना भी दिया। इसके बावजूद अब तक न तो रास्ता खुलवाया गया और न ही पाइपलाइन डालने की अनुमति दिलाई गई।

मां- पत्नी – खुद के साथ मारपीट का आरोप
ओमप्रकाश चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके साथ, उनकी पत्नी और उनकी मां के साथ मारपीट की गई, जिसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित का कहना है कि रास्ता बंद होने और पानी की व्यवस्था नहीं होने से उनका परिवार और मवेशी गंभीर परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और पुलिस से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने, पाइपलाइन डलवाने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

दूसरे पक्ष की कोई जानकारी हमारे पास नहीं है यदि इस मामले में  ओम प्रकाश विरोधी ग्रुप के लोग भी अपनी बात रखते हैं तो हम प्रमुखता से रखेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version