लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर |(रितु मेहरा)
राजस्थान में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 27 जुलाई के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। सक्रिय मानसूनी तंत्र के प्रभाव से पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और कुछ पश्चिमी जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, झालावाड़, बारां, बूंदी, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, पाली, सिरोही और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है। कई स्थानों पर अल्प समय में भारी वर्षा होने से जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
बारिश की गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे आमजन के साथ-साथ किसानों को भी फायदा होगा। खरीफ फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है और जिन क्षेत्रों में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है, वहां मिट्टी में नमी बढ़ने से फसल विकास को गति मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। स्थानीय प्रशासन को भी संभावित जलभराव और आपदा संबंधी स्थितियों के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।