लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर में दर्दनाक हादसा:
पाइपलाइन ठीक करते समय फिसला छोटा भाई, बचाने के प्रयास में दोनों की डूबने से मौत; गांव में पसरा मातम
श्रीगंगानगर: जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। हादसा गांव 56 एनपी के एक खेत में हुआ, जहां सिंचाई की पाइपलाइन ठीक करते समय छोटा भाई डिग्गी में गिर गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई भी पानी में कूद गया, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए।
जानकारी के अनुसार, गांव 45 एनपी निवासी गुरजीत सिंह और राजदीप सुबह खेत पर काम करने पहुंचे थे। खेत में बनी सिंचाई की डिग्गी के पास राजदीप पाइपलाइन की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में जा गिरा।
छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई गुरजीत सिंह बिना देर किए उसे बचाने के लिए डिग्गी में कूद गया। हालांकि, गहरे पानी और परिस्थितियों के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को डिग्गी से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रायसिंहनगर की राजकीय अस्पताल मोर्चरी भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव 45 एनपी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।