प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में सरकार बनाने का किया दावा

0
96
- Advertisement -

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिवर्तन संकल्प महासभा में प्रदेशभर से लाखों की संख्या में लोग जयपुर के दादिया सभास्थल पहुंचे। इस परिवर्तन संकल्प महासभा में खास बात यह रही कि पांडाल की तमाम व्यवस्थाओं का जिम्मा महिलाओं ने संभाला जिसमें पेयजल व्यवस्था सहित, भोजन, बैठक व्यवस्था सहित पार्किंग के लिए भी महिलाएं मुस्तैद रही। सभा में प्रदेश के कोने-कोने से आई महिलाओं ने ‘‘आभार मोदी जी’’ के स्टीकर लगाए हुए थे। महिलाओं में एक खासा उत्साह और जोश भी सभा में देखने को मिला।


परिवर्तन संकल्प यात्रा की सफलता से उत्साहित भाजपा के कार्यकर्ता लाखों की संख्या में शहर, गांव और ढ़ाणियों से सुबह से ही सभास्थल पर पहुंचने लगे थे। दोपहर करीब सवा दो बजे पीएम मोदी धानक्या पहुंचे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में उनकी विशाल प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित की।

इसके बाद पीएम मोदी खुली जीप में सवार होकर महिलाओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभास्थल के बीच से सीधे मंच पर पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने पुष्पवर्षा करके उनका अभिंनदन और स्वागत किया।


इस दौरान नारी शक्ति वंदन के तहत मंच संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री एंव सासंद दिया कुमारी और भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अल्का गुर्जर ने किया।
भाजपा परिवर्तन संकल्प महासभा के दौरान मंच पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय प्रवक्ता एंव सासंद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद बाबा बालक नाथ, रंजीता कोली, सुखबीर जौनपुरिया, जसकौर मीणा, रामचरण बोहरा, भागीरथ चौधरी, पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा, सुमेधानंद सरस्वती, कनकमल कटारा, राजेंद्र गहलोत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी , अशोक परनामी , राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजय पाल सिंह, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा महापौर सौम्या गुर्जर, जिला अध्यक्ष राघव शर्मा, राजेश गुर्जर, श्याम शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष सुनील कोठारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऐतिहासिक निर्णय के बाद ऐतिहासिक व्यक्तित्व का ऐतिहासिक धरा पर स्वागत अभिंनदन करता हूं। हमें गर्व है कि मातृशक्ति के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन बिल पारित कराया।


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि आज का दिन विशेष है आज तेजादशमी है, आज रामदेव जयंती है, आज जलझूलनी ग्यारस के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती है। मैं एक बार फिर कहना चाहता हूं कि आज प्रदेश की महिलाएं इतनी बड़ी तादाद में यहां आई हैं, इन्हे देखकर हमारा गौरव बढ़ रहा है।

हम प्रधानमंत्री मोदी को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि 2023 में राजस्थान मे कमल खिलेगा और 2024 में प्रदेश की सभी 25 सीटें भाजपा के खाते में डालकर आपके पास भेजेंगे।

परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि आज की ये सभा अनूठी सभा है। धर्म और संस्कृति के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज तेजादशमी है, रामदेव जयंती है और एकात्म मानववाद के संदेशवाहक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती भी है।
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा प्रदेश में चारों दिशाओं से परिवर्तन संकल्प यात्रा के रूप में जो अश्वमेघ रथ रवाना हुआ था उस यात्रा का आज समापन प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। हमारी इस यात्रा को जनता ने अपार समर्थन दिया और रात के एक-एक बजे तक जनता हमारी इस यात्रा का स्वागत करने को डटी रही। जनता ने इस महिला, दलित, आदिवासी, किसान, युवा और जन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।

केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने महासभा को संबोधित करते हुए नारी शक्ति वंदन बिल पर एक स्वलिखित गीत गाकर सुनाया जिसके बोल थे ‘‘नारी को वंदन करने का मोदी ने मौका दिलाया, अटके हुए बिल को संसद में पास कराया’’ जो कांग्रेस आज ओबीसी की हितैषी बन रही है उसी कांग्रेस की नेहरू सरकार के मंत्रिमंडल से 1951 में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने इस्तीफा दिया था। उन्होने आरोप लगाया था कि नेहरू सरकार ओबीसी आयोग बनाने की मांग पर ध्यान नहीं दे रही है। देश में पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बनने के बाद हमने समाज के हर वर्ग का सामाजिक और आर्थिक आधार पर सशक्तिकरण करने का वादा किया था, और नारी शक्ति वंदन बिल उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि
सभी कार्यकर्ताओं ने राजस्थान में परिवर्तन संकल्प को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में जो चारों कोनों से यात्रा निकाली थी। इस यात्रा को सफल बनाने में भारी मेहनत करके परिवर्तन के संकल्प के साथ नई उर्जा का संचार किया। राजस्थान की ये नाकारा निकम्मी कांग्रेस सरकार, यह किसान विरोधी सरकार, यह महिला विरोधी सरकार, यह गरीब विरोधी सरकार, यह गरीब विरोधी सरकार दलित विरोधी सरकार अब जाने वाली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति से प्रदेश के कार्यकर्ताओं में एक विश्वास पैदा हुआ है, अबकी बार के चुनाव में राजस्थान की जनता इस वर्तमान सरकार को उखाड़कर ही दम लेगी।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले चार महिनों में कांग्रेस को समझ में आ गया कि अब हमारी सरकार जाने वाली है, हमारी सरकार को बदलने का जनता ने मानस बना दिया है, इसके बाद सरकार ने अपने आपको बचाने के लिए अनेक हथकंडे तैयार किए हैं मुफ्त बिजली के नाम पर किसानों को गुमराह किया, लेकिन किसान बिजली नहीं मिलने के कारण खून के आंसू रो रहा है। पिछले तीन महीनों से 10 घंटे की अघोषित बिजली कटौती हो रही है। अन्नपूर्णा योजना के फूड पैकिटों के (एफएसएसआई) ने 270 सैंपल लिए जिसमें से एक तिहाई सेंपल फेल हो गए जिन्हे सीज किया गया। जैसलमेर-बाड़मेर के 18 हजार परिवारों को मिलावटी फूड पैकिट बांटे गए।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अल्का गुर्जर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन बिल महिलाओं के लिए ऐतिहासिक बिल है।

उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान का नौजवान सबसे ज्यादा रीट पेपर लीक से पीड़ित है। प्रधानमंत्री मोदी ने सदियों के मिथक को तोड़ते हुए गार्गी और मैत्रेयी की इस धरती पर नारी शक्ति वंदन बिल पारित कराकर ऐतिहासिक कार्य किया है। राजस्थान में स्वर्गीय भैरासिंह शेखावत ने सबसे पहले पंचायतराज में महिलाओं को आरक्षण देने का काम किया था। आज प्रदेश के किसानों की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी कहते हैं कि हम छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में जीतकर आ रहे हैं और राजस्थान में मुकाबला करीब का है। मैं उन्हे बताना चाहूंगा कि आपको राजस्थान का किसान ढूंढ रहा है। दस दिन में कर्जमाफी का वादा करने के बाद इस सरकार ने कभी किसानों की सुध नहीं ली। जिसके चलते किसानों की जमीनें नीलाम हुई और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुआ।

राज्यसभा सासंद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने नारा दिया था ‘‘जय जवान, जय किसान’’ और उसी कांग्रेस पार्टी के नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश के जवान और किसान दोनों को लूटने ठगने का काम किया है। पेपर लीक के बाद प्रदेश के लाखों युवाओं की आस टूटी। उसके बाद 19 हजार से ज्यादा किसानों की जमीनें नीलाम हुई। सरकार ने भ्रष्टाचार का एैसा तांडव मचाया कि सरकार की अलमारी से ही करोड़ों की नकदी और सोना बरामद हुआ। आज इस परिवर्तन संकल्प महासभा से संकल्प लेकर जाना है कि हमें इस सरकार को उखाड़ फेंकना है और दलित, आदिवासी, गरीब और महिलाओं को कांग्रेस के इस कुराज से बचाना है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here