लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पंचायत चुनाव और फसल मुआवजे पर बनी रणनीति
चौमहला (झालावाड़)। चौमहला में झालावाड़ जिले की डग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी पंचायत चुनाव और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करवाकर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भैरोसिंह परिहार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे चेतराज गहलोत मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुजर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों का समर्थन सुनिश्चित करें तथा प्रधान और जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस का प्रतिनिधित्व स्थापित करने के लिए संगठित होकर कार्य करें।
मुख्य अतिथि भैरोसिंह परिहार ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने और डग ब्लॉक में कांग्रेस का परचम लहराने का आह्वान किया।
बैठक में अशोक मीणा को अनुसूचित जाति कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने तथा हीरालाल वर्मा को अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का जिला मंत्री बनाए जाने पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, नगर कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी, मंडल अध्यक्ष कुंडला शिवलाल वर्मा, सरपंच केसर सिंह, उन्हेल मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह, अजय नागर, गंगाराम (पूर्व सरपंच) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















































