
अजमेर।( नितिन मेहरा रिपोर्टर) ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने आज रेल मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए कर्मचारियों ने ओपीएस बहाल करने की मांग की।
ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन एवं वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन के तत्वावधान में आज अजमेर में मंडल रेल कार्यालय के बाहर रेल कर्मचारियों ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रेल कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन करते हुए हर हाल में एनपीएस हटाकर ओपीएस बहाल करने की मांग की। रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की मांग को लेकर आज ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन एवं नॉर्थ वेस्ट्रन रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन के आह्वान पर अजमेर मंडल के तमाम शाखा मुख्यालयों पर रेलवे कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया ।

इस दौरान रेलवे कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रेलवे कर्मचारियों ने रेलवे कर्मचारी हित में ओल्ड पेंशन स्कीम को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेलवे यूनियन लंबे समय से ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की मांग कर रही है, लेकिन केंद्र सरकार रेल कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है, जिसके चलते रेलवे कर्मचारियों को आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार जल्दी ओल्ड पेंशन स्कीम लागू नहीं करती है तो रेलवे कर्मचारियों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।






















































