जयपुर 6 अगस्त रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर किसान मोर्चा राजस्थान के अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत से मिला। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ई.आर.सी.पी.) के तहत आने वाले सभी 13 जिलों से पहुंचे किसानों ने बजट में ई.आर.सी.पी. के लिए 13 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया । प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने कहा कि इससे क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई जल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण होगा तथा आमजन एवं किसानों का जीवन सुगम होगा। साथ ही किसानों ने श्री गहलोत से ई.आर.सी.पी. को यथाशीघ्र राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिलवाने के लिए आग्रह किया।
