लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पीडब्ल्यूडी कार्यों में लापरवाही पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
भीलवाड़ा | रिपोर्ट – पंकज पोरवाल
राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचीं। उन्होंने गुलाबपुरा उपखंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पर्यटन विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुँचे। उन्होंने कहा कि:
-
सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण व समय पर पूरे किए जाएं।
-
पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।
-
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाएँ धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता और समयसीमा का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
नवाचार और सेवा ऐप
उप मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के नवाचार की सराहना की, जिसके तहत पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा जिले की 51 सड़कों की गुणवत्ता जांच करवाई गई। इसमें 45 सड़कें उत्तम और 6 मध्यम गुणवत्ता की पाई गईं।
उन्होंने बताया कि जल्द ही सेवा ऐप आमजन के लिए शुरू किया जाएगा।
आंगनबाड़ी और पर्यटन विकास पर निर्देश
दिया कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने पर विशेष जोर देते हुए भामाशाहों को इसमें योगदान देने का आह्वान किया।
पर्यटन विकास की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों ही मंदिरों और आस्था स्थलों के जीर्णोद्धार के लिए प्रतिबद्ध हैं। आसींद के देवनारायण मंदिर सहित 20 मंदिरों और आस्था केंद्रों के विकास हेतु प्रसाद योजना के तहत 48 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है और कार्य शीघ्र शुरू होंगे।
स्वागत और पौधारोपण
बैठक से पूर्व उपखंड कार्यालय परिसर पहुंचने पर पुलिस दल ने उप मुख्यमंत्री को सलामी दी। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बुके और पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने “मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
बैठक में मौजूद रहे
समीक्षा बैठक में सांसद, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, विधायक जब्बर सिंह (आसींद), लादूलाल पीतलिया (सहाड़ा), लालाराम बेरवा (शाहपुरा) सहित अतिरिक्त कलेक्टर ओमप्रकाश मेहरा, उपखंड अधिकारी दिव्यराज सिंह चुंडावत, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता संदीप झंवर, पर्यटन विभाग सहायक निदेशक प्रद्युम्न सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।














































