लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गरीब की सेवा, माताओं-बहनों की गरिमा और हर परिवार का कल्याण ही “मोदी की गारंटी”
जयपुर, लोक टुडे न्यूज नेटवर्क (रूपनारायण सांवरिया)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन बुधवार को पूरे देश में उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने हर संभाग, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर सेवा पखवाड़े का आयोजन कर इसे सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को समर्पित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा और विश्व में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करेगा।
राठौड़ ने कहा, “महात्मा गांधी ने स्वदेशी को आज़ादी का माध्यम बनाया था, अब हमें स्वदेशी को विकसित भारत की नींव बनाना है। गरीब की सेवा, माताओं-बहनों की गरिमा और हर परिवार का कल्याण ही ‘मोदी की गारंटी’ है।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के धार जिले में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए नारीशक्ति, युवाशक्ति, किसान और गरीब को विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ बताया। साथ ही “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” अभियान, राष्ट्रीय पोषण माह और आदिवासी समाज के लिए सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने माताओं-बहनों से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों में भाग लेने का आह्वान किया।
राठौड़ ने यह भी कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत अब तक 30 लाख कारीगरों और शिल्पकारों को सहायता मिल चुकी है। उन्होंने गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
स्वच्छता अभियान से सेवा पखवाड़े का शुभारंभ
राजधानी जयपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हवामहल के बाहर स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा पखवाड़े की शुरुआत की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और आमजन को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ चाय की दुकान पर चाय बनाकर आमजन को पिलाई और जलेबी खिलाकर उत्सव मनाया।
अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ जवाहर कला केंद्र में “नमो प्रदर्शनी” का शुभारंभ भी किया गया।
प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का अभिभाषण सुनते हुए राठौड़ ने आमजन से इसमें बताए गए विचारों को आत्मसात कर अमल में लाने का आह्वान किया। उन्होंने भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और मीडिया साथियों को मिठाई खिलाई और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इसके बाद सीकर रोड स्थित रामेश्वर गार्डन में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।