लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर – राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की नव-नियुक्त अध्यक्ष, पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने आज तोतूका भवन, जयपुर में समारोहपूर्वक कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम, कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि यह दोहरी खुशी का अवसर है कि पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने अनुसूचित जाति विभाग का कार्यभार संभाला और राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इस अवसर पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सशक्त है क्योंकि इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता हमेशा पार्टी के लिए संघर्षरत हैं।
डोटासरा ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हैं। उन्होंने भाजपा द्वारा संविधान में बदलाव की कोशिशों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेतृत्व द्वारा इसे रोके जाने की जानकारी दी।
प्रदेशाध्यक्ष ने ममता भूपेश की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि मंत्री के रूप में उन्होंने विधानसभा में भाजपा को जवाब देने का सफल कार्य किया। उन्होंने कार्यभार संभालने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम को धन्यवाद दिया।
डोटासरा ने कहा कि अब ममता भूपेश की जिम्मेदारी है कि वे प्रदेशभर में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनें, सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाएं और विभाग का सशक्तिकरण करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 3 वर्षों में कांग्रेस प्रदेश में भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।
महासचिव और मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि कांग्रेस दलित और पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए हमेशा तत्पर रहेगी और आम जनता की बेहतरी के लिए काम करती रहेगी।










































