लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक, संगठन से लेकर बूथ स्तर तक समन्वय और चुनावी रणनीति पर मंथन
जयपुर। आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें चुनाव संचालन, प्रचार-प्रसार, बूथ प्रबंधन और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों का विस्तृत कार्य-विभाजन किया गया।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण बागड़ी तथा चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक घनश्याम तिवाड़ी सहित चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों और मोर्चों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव प्रबंधन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय
बैठक में नगर निकाय चुनाव के प्रभावी संचालन के लिए विधि एवं प्रशासनिक व्यवस्था, मीडिया एवं प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया, लेखन एवं कंटेंट, मॉनिटरिंग, मेनिफेस्टो और कार्यक्रम प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार दायित्व सौंपे गए।
प्रत्येक विभाग के प्रमुखों के साथ उनके कार्यों, समन्वय व्यवस्था और चुनाव के दौरान जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन पर विस्तार से चर्चा की गई।
“नगर निकाय चुनाव संगठन की सामूहिक ताकत की परीक्षा”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि नगर निकाय चुनाव केवल प्रत्याशियों का चुनाव नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम की परीक्षा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी विभागों और मोर्चों से टीम भावना के साथ समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक समन्वय पर जोर
संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन के सभी स्तरों पर बेहतर तालमेल और बूथ स्तर तक प्रभावी संपर्क को चुनाव प्रबंधन की सफलता का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित दायित्वों को समयबद्ध, योजनाबद्ध और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
पिछले चुनावों के अनुभवों से तैयार होगी रणनीति
बैठक में पिछले चुनावों के अनुभव साझा किए गए और उनके आधार पर आगामी नगर निकाय चुनाव की रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों की भूमिका तय करते हुए उनके कार्यों का स्पष्ट विभाजन किया गया।
सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की रणनीति
बैठक में मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम को प्रभावी संचार रणनीति तैयार करने तथा मॉनिटरिंग टीम को चुनावी गतिविधियों की निरंतर समीक्षा और फीडबैक व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने अपने सुझाव साझा करते हुए संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश से लेकर मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक सभी विभाग और कार्यकर्ता समन्वय के साथ काम करेंगे, ताकि पार्टी की रणनीति और सरकार के कार्यों का संदेश अंतिम पंक्ति के मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।