लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर।(रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र की फूलपुर ग्राम पंचायत में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में करीब 177 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर काम करते हुए प्रदेश के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और धौलपुर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में धौलपुर जिले में लगभग 2,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा, “हम जनता की सुनते हैं, इसलिए न काम की कमी है और न ही बजट की।”
155 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, 21 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 21 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जनसभा के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने फूलपुर खेल मैदान के विकास के लिए ढाई करोड़ रुपये की घोषणा भी की।
किसानों, युवाओं और बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से 3,000 रुपये अतिरिक्त सहायता दी जा रही है तथा फसल बीमा योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने जल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर, देवास, सोम कमला अंबा और माही बांध जैसी परियोजनाओं के जरिए राजस्थान को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
युवाओं को रोजगार देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ढाई वर्षों में 1.78 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसके अलावा 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। वहीं निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
गृह राज्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को भी मजबूत बनाया गया है।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने धौलपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें शामिल हैं—
- फूलपुर खेल मैदान के विकास के लिए ₹2.5 करोड़
- राजाखेड़ा में ₹15 करोड़ से मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण
- पार्वती नदी पर ₹15 करोड़ की लागत से पुल निर्माण
- राजाखेड़ा कृषि उपज मंडी के लिए 37 बीघा भूमि आवंटन
- रहनावाली और लाठवाली माता मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए ₹10 करोड़
- सैंपऊ के कौलारी में नया आयुर्वेद औषधालय
- पार्वती बांध से सैंपऊ तक नहर के दोनों ओर जल निकासी व्यवस्था
- बसेड़ी सीएचसी में बेड क्षमता और सुविधाओं का विस्तार
- सलेमपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना
इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें शामिल हैं—
- मनियां में ₹101 करोड़ की लागत से 220 केवी जीएसएस एवं संबंधित लाइनें
- जारह में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र
- राजाखेड़ा और सरमथुरा में एफएसटीपी
- बसई नवाब और सरमथुरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- बसई नवाब और कंचनपुर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट
- बाड़ी में रामसागर मध्यम सिंचाई परियोजना का पुनर्निर्माण
- नागर-मीठावली में एनिकट निर्माण
- सोने का गुर्जा में पुलिस थाना तथा बिजौली, सेवर और झिरी में पुलिस चौकियां
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
- सरमथुरा में पार्वती बांध पुनर्निर्माण कार्य
- धौलपुर में जिला औषधि भंडार का निर्माण
- उपनिदेशक उद्यानिकी विभाग के कार्यालय भवन का निर्माण
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों की गति को और तेज करते हुए धौलपुर को नई विकास ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।