Home latest यूपी में योगी सरकार का प्रचार करेंगी राजस्थान की 50 महिला कार्यकर्ता

यूपी में योगी सरकार का प्रचार करेंगी राजस्थान की 50 महिला कार्यकर्ता

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भाजपा की बहनें उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के विकास कार्यों और सुशासन से जनता को कराएंगी अवगत:— मदन राठौड़

भाजपा की विचारधारा, नीतियों और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएगी महिला कार्यकर्ता:— राखी राठौड़

 
जयपुर,।(रूपनारायण सांवरिया ) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश चुनावों के मध्य नजर जागरण अभियान चलाने के लिए गुरुवार को भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का एक दल रवाना किया हैं। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास को नई दिशा देने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा, आधारभूत ढांचे, औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। ऐसे में हमारी बहनें योगी सरकार की जनहितैषी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हुई है। यूपी में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक दशक पूर्व की स्थिति और आज की स्थिति में काफी बदलाव आया है। पहले रात में ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को सुरक्षा के अभाव में सुबह होने तक रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का ऐसा वातावरण बना है कि महिलाएं देर रात भी निडर होकर अपने घर तक पहुंच सकती हैं। योगी सरकार ने गुंडाराज समाप्त करने और आमजन के आत्मसम्मान एवं सुरक्षा की रक्षा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यूपी में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, फ्लाईओवर और पुलों का निर्माण के साथ औद्योगिक विकास को गति मिली है तथा रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। पहले उत्तर प्रदेश के लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते थे, लेकिन अब यूपी में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि योगी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनमें कानून का भय पैदा किया है। अपराधी अब अपराध करने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। अनुशासन बनाए रखने के लिए कई बार कठोर दंड की भी आवश्यक होती है। योगी सरकार ने सख्त कार्रवाई के माध्यम से कानून व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है।
राठौड़ ने उत्तर प्रदेश रवाना हुई महिला कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये बहनें वहां जाकर जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को योगी सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और सुरक्षा व्यवस्था में आए बदलावों से अवगत कराएंगी। महिला कार्यकर्ताओं ने अपने परिवार की अनुमति लेकर पार्टी का झंडा बुलंद करने और जागरण अभियान की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है। इसके लिए वे बधाई की पात्र हैं। पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में जाकर संगठन का पक्ष मजबूती से रखेंगे।

मोदी ने राष्ट्र सम्मान, तो राहुल गांधी कर रहे है राष्ट्र की छवि धूमिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में फोटो सेशन के लिए निर्धारित स्थान पर प्रधानमंत्री मोदी ने कार्ड जमीन से उठाया, जिस पर तिरंगे का चिह्न अंकित था। उन्होंने कार्ड को सम्मानपूर्वक उठाकर अपने पास सुरक्षित रखा। यह घटना देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना का संदेश देती है। वहीं दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत सरकार और देश की अर्थव्यवस्था की आलोचना कर रहे है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और ऐसे समय में विदेश में देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाले बयान देना उचित नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के प्रति सम्मान और राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों की तुलना से दोनों के राष्ट्रीय चरित्र में अंतर स्पष्ट होता है।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि एक समय राजस्थान को कांग्रेस शासन में महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से चुनौतीपूर्ण प्रदेश माना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर आमजन में विश्वास कायम किया है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी वर्ष 2017 से पहले कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता दी है। राजस्थान में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मर्दों के प्रदेश की पहचान मिली, लेकिन नारी शक्ति के सशक्तिकरण तक का बदलाव भाजपा की नीतियों और सुशासन का परिणाम है।

राखी राठौड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की विचारधारा, नीतियों और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राजस्थान महिला मोर्चा की 50 महिला कार्यकर्ताओं की टीम सबसे पहले उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो रही है। ये सभी कार्यकर्ता सात दिनों तक उत्तर प्रदेश में प्रवास करेंगी और प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर आमजन से संवाद करेंगी। महिलाओं की यह टीम भाजपा सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रयासों की जानकारी जनता तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की महिला कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ चुनाव प्रचार में अपनी भागीदारी निभाएंगी।

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, मंत्री डॉ अपूर्वा सिंह, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित बडी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous articleमासी बांध की नहरों में पहुंचा पानी, 29 गांवों के किसानों को मिलेगी राहत
लोक टुडे न्यूज़ - जनता की आवाज़ लोक टुडे न्यूज़ का उद्देश्य निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से आमजन की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना है। हम जनहित के मुद्दों, जनसमस्याओं और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोक टुडे के नाम से दैनिक एवं पाक्षिक समाचार पत्र और YouTube न्यूज़ चैनल भी संचालित हैं। आप भी बनें लोक टुडे का हिस्सा। अपनी खबरें, फोटो और जनसमस्याएं हमें भेजें। प्रधान संपादक: नीरज मेहरा स्थान: जयपुर, राजस्थान मोबाइल: 9829708129, 8209477614 ईमेल: neerajmehra445@gmail.com | loktodaynews@gmail.com लोक टुडे न्यूज़ - आपकी आवाज़, हमारा संकल्प।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version