लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
DBT से खाते में 1-1 हजार रुपये ट्रांसफर
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य की 1 लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को दो यूनिफॉर्म के लिए 1-1 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना और कालीबाई भील योजना के लाभार्थियों को भी चेक वितरित किए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नौनिहालों की नींव को मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले दो वर्षों में आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय ले चुकी है।
मानदेय में 10% बढ़ोतरी का ऐलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मिड-डे मील कुक कम हेल्पर सहित सभी मानदेय कर्मियों के मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि की गई है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों को मिल रही नई सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत आहार योजना के तहत 3 से 6 वर्ष के बच्चों को सप्ताह में 5 दिन गर्म दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य भी किए जा रहे हैं।
इसके अलावा कार्यकर्ताओं और महिला पर्यवेक्षकों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं तथा भविष्य में उनकी आंखों की मुफ्त जांच और चश्मा भी उपलब्ध कराने की योजना है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लखपति दीदी योजना के तहत अब तक 16 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। इस योजना में ऋण सीमा को 1 लाख से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और अन्य योजनाओं से महिलाओं का सशक्तिकरण किया जा रहा है।
“विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 मार्च से 15 मई तक चल रहे मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी इसमें सक्रिय भागीदारी और सुझाव देने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री ने की सराहना
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता छोटे बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं को “ऐतिहासिक” बताया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, मंत्री मंजू बाघमार सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।




















































