लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नीति निर्माण में आधी आबादी की पूरी सहभागिता सुनिश्चित करेगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम
राजस्थान की बेटियां हर क्षेत्र में बना रही अपनी विशिष्ट पहचान
महिलाएं आत्मविश्वास के साथ करें अपने सपनों को पूरा
छात्राओं का दृढ़ आत्मविश्वास, विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम
– मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
– मुख्यमंत्री ने छात्राओं के अनुभव सुने, आत्मनिर्भर बनने का किया आह्वान
जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णायक कदम है। इस अधिनियम के माध्यम से आधी आबादी अब निर्णय लेने की मुख्य भूमिका भी निभाएगी। इससे महिलाएं नीति निर्माण, योजना एवं बजट निर्माण सहित देश के हर अहम निर्णय में शामिल होंगी।
शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेशभर की छात्राओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब बेटियां आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, जिला, प्रदेश और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की नेतृत्व में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया है, जिसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं और यह अधिनियम उनके लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। छात्राएं आत्मनिर्भर बनकर समाज और प्रदेश के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
शर्मा ने कहा कि महिलाएं शासन और अर्थव्यवस्था के हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा प्रदेश की वित्त मंत्री दिया कुमारी के कार्यों को महिला शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार महिलाओं की सुरक्षा और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से बालिका लिंगानुपात में सुधार हुआ है तथा उज्ज्वला, जन-धन और मुद्रा योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मिली है।
महिलाओं के हौसले को किया सलाम
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों की छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव सुने। उन्होंने पचपदरा की केमिकल इंजीनियर श्रेया की सराहना की तथा ऑस्ट्रेलिया में अध्ययनरत डेटा साइंस छात्रा तारुषी द्वारा दी गई जानकारी की प्रशंसा की। मेयो गर्ल्स कॉलेज की छात्रा नव्या ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की नीति निर्माण में भागीदारी का मजबूत माध्यम बताया।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि बढ़ाकर 1 लाख 50 हजार रुपये कर दी गई है। मातृ वंदना योजना की राशि 6,500 रुपये की गई है तथा मा वाउचर योजना के तहत निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा दी जा रही है। राज्य में 16 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा के लिए 600 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट और 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय हैं।

युवाओं के रोजगार का मार्ग प्रशस्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के साथ रोजगार प्रदाता बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। अब तक 1.25 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं तथा 1.25 लाख नई भर्तियों का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
कार्यक्रम में प्रदेशभर की स्कूलों और कॉलेजों की छात्राएं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़ीं। छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया तथा राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना की।