लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर बोले— राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के हर वर्ग को जोड़ने का अभियान
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा ‘समरसता संकल्प अभियान’ की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जयपुर शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “राष्ट्र प्रथम” की विचारधारा पर कार्य करती है, जहां भारत माता की प्रत्येक संतान समान है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने लगभग 650 वर्ष पूर्व समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण का कार्य किया था। आज समरसता संकल्प अभियान उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।
29 जुलाई से वाराणसी से निकलेगी समरसता यात्रा
मदन दिलावर ने बताया कि 29 जुलाई को संत गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से राष्ट्रीय स्तर पर भव्य समरसता यात्रा एवं कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। इस यात्रा के माध्यम से पूरे देश में सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और संतों के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
मंदिरों में होंगे विशेष कार्यक्रम, जलेंगे 251 दीप
कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। बताया गया कि जयपुर शहर के प्रत्येक मंडल और वार्ड के प्रमुख मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में—
- 251 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
- संत गुरु रविदास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
- स्थानीय संतों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा।
- गुरु पूर्णिमा के अवसर पर समाज के गुरुओं और मार्गदर्शकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे संत रविदास का संदेश
जयपुर शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से संत रविदास के विचारों को प्रत्येक मंडल, वार्ड और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए सामाजिक सौहार्द और एकात्मता को और मजबूत बनाया जाए।
मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी ने बताया कि कार्यक्रम में जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, राजेश ताम्बी, रेखा राठौड़ सहित जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















































