लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा उपखंड क्षेत्र के बोसरिया पंचायत में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब चरागाह में लगभग 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बोसरिया पंचायत के खेड़ली गांव निवासी रामकेश पुत्र श्योराज मीणा के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शव की हालत संदिग्ध थी। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या कर दी गई और उसके हाथों की उंगलियां काटकर हथेली में रख दी गईं। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही नगरफोर्ट थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुँचे। उच्चाधिकारी और आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया।
परिजनों का आरोप
मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर एंगल से सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है।
