लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा।
नगर विकास न्यास (यूआईटी) में अधिकारियों के कान खोलने के लिए गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक और कांग्रेस नेता मनोज पालीवाल के नेतृत्व में नागरिकों ने डमरू और मंजीरे बजाकर घेराव किया। यह प्रदर्शन नालों पर अतिक्रमण, जलभराव और पांच सूत्रीय मांगों को लेकर किया गया।
नागरिकों का कहना था कि शहर की सड़कों और नालों की हालत बेहद खराब है, अधिकारी सुनवाई नहीं करते, इसलिए उन्हें इस तरह जोरदार प्रदर्शन करना पड़ा। यूआईटी सचिव ने आश्वासन दिया कि दीपावली से पहले सड़कों की मरम्मत और नालों से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
धर्मेंद्र पारीक ने कहा कि प्राइवेट कॉलोनियों में कॉलोनाइजर भाग गए हैं और नालों की देखरेख यूआईटी की जिम्मेदारी है। मनोज पालीवाल ने कहा कि शहर खड्डों का शहर बन चुका है और त्योहारों से पहले सड़कें ठीक करवाई जाएं।
प्रदर्शन में संदीप टेलर, कुंदन शर्मा, दिनेश शर्मा, भरत व्यास, अतुल सुराणा, योगिता सुराणा सहित दर्जनों नागरिक मौजूद रहे।











































