लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर। (विजय कपूर) मानव चेतना जागृति प्रन्यास के तत्वावधान में आध्यात्मिक एवं दिव्य बीकानेर को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वच्छता शपथ पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर बीकानेर के संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने छह सूत्रीय स्वच्छता शपथ पत्र का विमोचन किया।
इस अभियान के अंतर्गत पांच संकल्पों की पूर्ति हेतु एक लाख हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन घर-घर एवं मोहल्ला-मोहल्ला किया जा रहा है। इस श्रृंखला की शुरुआत शिवबाड़ी के महंत विमर्शानंद जी द्वारा की गई थी।
संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता के माध्यम से ही मानव चेतना को शुद्ध रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास के लिए भी आवश्यक है। आचार्य जोशी एवं विजय कपूर के विनम्र निवेदन पर उन्होंने इस अभियान की प्रगति की समय-समय पर जानकारी लेने की सहमति भी व्यक्त की।
आचार्य राजेंद्र जोशी ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि शपथ पत्र में उल्लिखित बिंदुओं को जब तक आमजन के आचरण में नहीं देखा जाएगा, तब तक इस अभियान को पूर्ण नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां भौतिक रूप से स्वच्छता का अभाव होता है, वहां किसी भी प्रकार के विकास की कल्पना करना अंधकार के समान है।
उन्होंने कहा कि स्वयं को स्वच्छ रखना और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का प्राथमिक दायित्व है। इसमें न तो कोई एक विभाग और न ही कोई एक सरकार अकेले सफल हो सकती है। इसके लिए नगरवासियों और देशवासियों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
अभियान के माध्यम से अन्य संकल्पों को भी साकार किया जा रहा है। प्रतिदिन हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से जन-जन को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। आचार्य जोशी ने कहा कि यही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्वजों और अदृश्य दिव्य शक्तियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
