लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। जिले में मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु चल रहे गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आर.के. पाटनी कॉलेज किशनगढ़ के सभागार में लगभग 250 प्रतिभागियों, आर.के. पाटनी गर्ल्स कॉलेज फरासिया में 300 प्रतिभागियों तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, घूघरा के कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों सहित 270 प्रतिभागियों को एसआईआर की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्वीप समन्वयक रामविलास जांगिड़ ने विद्यार्थियों व स्टाफ को एसआईआर गणना प्रपत्र को ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि यह प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से कोई भी मतदाता स्वयं भी भर सकता है।
मौके पर ही उपस्थित प्रतिभागियों ने ई-फॉर्म को ऑनलाइन भरने का अभ्यास किया और गणना प्रपत्र को पूरा कर सबमिट किया।
हार्ड कॉपी भी उपलब्ध
जिला निर्वाचन विभाग द्वारा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से गणना प्रपत्र की हार्ड कॉपी भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसमें वर्ष 2002 की मतदाता सूची के आधार पर:
-
नवीनतम रंगीन फोटो
-
स्वयं, माता-पिता या दादा-दादी की वोटर आईडी संख्या
-
आधार कार्ड नंबर
-
मोबाइल नंबर
जैसी जानकारी देकर आवेदन किया जा सकता है।
एप्लीकेशनों का उपयोग भी सिखाया
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल के माध्यम से 2002 की मतदाता सूची में नाम खोजने, एसआईआर फॉर्म ऑनलाइन करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के विभिन्न मोबाइल एप्लीकेशनों के उपयोग की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में जिला स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल, रितु चौहान, नेमीचंद सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
