लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) उनियारा शहर के मुख्य बाजार स्थित राम रघुनाथ मंदिर में चल रही राम कथा के छटे दिवस पर आज भक्तों ने भगवान राम और उनके भाइयों के विवाह का प्रसंग सुना। कथा में राजा जनक द्वारा धनुष यज्ञ का आयोजन, भगवान राम द्वारा धनुष भंग करना, तथा राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के विवाह सहित अनेक रचनात्मक प्रसंग सुनाए गए।
इस अवसर पर भगवान राम और उनके भाइयों की बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली गई, जिसमें तोरण, वरमाला और भव्य विवाह संस्कार के दृश्य शामिल थे। भक्तों ने भक्ति भाव में झूमते हुए कथा का आनंद लिया। कथा वाचक राधिका दीदी ने भक्त कर्मा बाई और भगवान के बीच के संबंध को भी सुनाकर भक्ति की शक्ति पर प्रकाश डाला।
राम रघुनाथ मंदिर के रमेश जांगिड़ ने बताया कि छटे दिवस की कथा के दौरान भगवान राम और सीता, सिया रघुवर जी के विवाह के भजनों पर भक्त मस्ती में झूम उठे। आचार्य बसंत शर्मा, अजय शर्मा, हरीश चौहान और श्याम सिंह पवार के सानिध्य में संगीतमय मंत्रोच्चार के साथ भगवान का पूजन संपन्न हुआ।
कथा के दौरान मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियों पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। पंडित अमित भारद्वाज द्वारा राम रघुनाथ जी का दरबार सजाया गया। छटे दिवस की कथा का विश्राम अवध बिहारी जी की आरती के साथ संपन्न हुआ और भगवान को भोग अर्पित कर भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया।
राम कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में उनियारा शहर और आसपास के गांवों से भक्त उपस्थित रहे।
