लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर।
ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से निजी संस्थाएं भी अब आगे आने लगी हैं। इसी कड़ी में ट्रू होम फाइनेंस ने आज एक नई मुहिम की शुरुआत की। इसके तहत एक मोबाइल हेल्थ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस वैन में पांच सदस्यीय चिकित्सा टीम मौजूद है, जो जिले के 15 से 16 स्थानों पर जाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करेगी। जांच के बाद रिपोर्ट ग्रामीणों तक पहुंचाई जाएगी। यदि किसी व्यक्ति को डॉक्टर की सलाह या दवाओं की आवश्यकता होगी तो वह नजदीकी सरकारी अस्पताल से दवाइयां प्राप्त कर सकेगा। 
हाइब्रिड स्वास्थ्य मॉडल
यह पहल ऑफलाइन और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को जोड़ते हुए एक अनूठा हाइब्रिड मॉडल के रूप में शुरू की गई है। ट्रू होम फाइनेंस के अध्यक्ष अमित भाटिया ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचना उतना ही आवश्यक है जितना वित्तीय सेवाओं तक।
उन्होंने कहा कि यह मुहिम ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगी, क्योंकि समय-समय पर बीमारियों का पता लगाकर उचित इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।
2000 गांवों तक पहुंचेगी सुविधा
मोबाइल हेल्थ वैन आगामी दिनों में राजस्थान के लगभग 15 जिलों में पहुंचेगी। इस दौरान यह पहल करीब 2000 से अधिक गांवों को कवर करेगी, जहां ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी और उन्हें समय रहते लाभकारी चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।















































